Deoghar : देवघर के कुण्डा थाना क्षेत्र के बीएन झा कॉलेज के पास मारपीट कर एक महिला और उसके बेटों को जख्मी करने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर खोरादह गांव निवासी रुक्मिणी देवी (45) ने कुण्डा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर रोकी कुमार, विवेक कुमार, सोनू कुमार सहित चार-पांच अज्ञात लोगों पर मारपीट, छिनतई और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

दर्ज कराये गए मामले के अनुसार 8 नवंबर की शाम करीब चार बजे उनका बेटा आशीष कुमार ठाढ़ीदुलमपुर निवासी राजकिशोर दास के यहां दूध का पैसा लेने गया था। इसी दौरान आरोपितों ने उसके साथ मारपीट कर करीब 1100 रुपये छीन लिये। आशीष ने फोन कर परिजनों को सूचना दी।

सूचना पर रुक्मिणी देवी अपने बड़े बेटे के साथ पहुंचीं। बीएन झा कॉलेज के पास आरोपितों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि रोकी कुमार ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया। इसके बाद बाल पकड़कर सड़क पर घसीटा, जिससे दोनों घुटनों में चोट लगी।
बचाने पहुंचे बेटे पंकज के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि विवेक और सोनू ने उसके गले से करीब चार हजार रुपये का चांदी का लॉकेट छीन लिया।
पीड़िता ने आरोपितों पर पूर्व में भी मारपीट करने और हत्या की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कानूनी कार्रवाई की मांग की है।



