
Deoghar: देवघर जिले के कुंडा थाना की पुलिस ने अलग-अलग मामलों में फरार चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपितों में रिखिया थाना क्षेत्र के सिंहरायडीह आमगाछी गांव निवासी प्रियव्रत चौरसिया को अवैध बालू खनन के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। वह ट्रैक्टर मालिक है।

पिछले वर्ष उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। वहीं मारपीट के मामले में पांच वर्ष से फरार कुंडा थाना क्षेत्र के ठाढ़ीदुल्लमपुर गांव निवासी भोला सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उसके खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी किया गया था।

वहीं काशीडीह गांव निवासी अर्जुन राय को अवैध शराब बेचने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ दो वर्ष पूर्व मामला दर्ज किया गया था। वह मामले में फरार चल रहा है। न्यायालय से उसके खिलाफ भी वारंट जारी किया गया है। वहीं कर्णकोल गांव राजेश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है। वह एक मामले में पांच वर्ष से फरार था। उसे खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी किया गया है।
न्यायालय के निर्देश के आलोक में पुलिस ने इनके खिलाफ कार्रवाई की है।


