
Deoghar Cyber Crime News : देवघर पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 4 जुलाई को सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के पावे पहाड़ के समीप छापेमारी कर तीन साइबर अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर कुछ संदिग्ध लोग साइबर अपराध को अंजाम दे रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद की गई कार्रवाई में तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता के साक्ष्य मिले हैं।

गिरफ्तार आरोपितों में रिजवान अंसारी निवासी उपर बगडबरा (थाना सोनारायठाढ़ी), हासमी राजा तथा कबीर अंसारी निवासी पिंडारी (थाना सारठ), सभी जिला देवघर के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपित पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल कर ठगी करते थे।
इसके अलावा फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी बनकर एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से कार्ड बंद होने और उसे पुनः चालू कराने का झांसा देकर लोगों से ठगी करते थे।
छापेमारी के दौरान आरोपितों के पास से पांच मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए गए। कार्रवाई में साइबर थाना के पु.नि. नागेंद्र कुमार मंडल, सोनारायठाढ़ी थाना के सअनि सुखनाथ लोहरा तथा अन्य सशस्त्र बल शामिल थे।


