Deoghar: देवघर जिले के सारवां थाना क्षेत्र के कुल्हाड़ीया स्कूल के पास सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक का नाम 33 वर्षीय भोला टुडू है जो कुल्हड़ीया का रहने वाला है।
पुलिस को दिए बयान में मृतक के छोटे भाई किशन टुडू ने कहा है कि 5 मई की रात्रि 8:00 बजे उसके घर पर गांव के ही दो व्यक्ति आए थे। रात के 10:00 बजे के आसपास भोला दोनों व्यक्ति को घर छोड़ने गया था। लौटने के क्रम में कुल्हाड़िया स्कूल के पास एक अज्ञात चार पहिया वाहन के चालक ने लापरवाही व तेज गति से वाहन चलाते हुए उसे पीछे से धक्का मार दिया और फरार हो गया। इस घटना में वह सड़क पर ही बेहोश होकर गिर गया। आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी घर वालों को दी।
जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य घटनास्थल पहुंचे और एक प्राइवेट वाहन से इलाज के लिए उसे सदर लेकर पहुंचे। जहां ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने देखने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इधर जानकारी मिलते ही बैधनाथ धाम ओपी प्रभारी विनोद कुमार सिंह सदर अस्पताल पहुंचे और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।