Deoghar News : देवघर के कुंडा थाना क्षेत्र के बाईपास सड़क स्थित कोरियासा मोड़ के समीप सोमवार को ट्रक और बाइक के बीच टक्कर हो गई। हादसे में बाइक पर सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि बाइक पर सवार अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं।

घायल महिला की पहचान 40 वर्षीय संविदा खातून के रूप में हुई है। वह कुंडा थाना क्षेत्र के दुर्गापुर थाढ़ी की रहने वाली है। घटना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल संविदा खातून को इलाज के लिए देवघर एम्स लेकर चले गए।

इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने मिलकर ट्रक को पकड़ लिया। सड़क पर लोगों की भीड़ जुट जाने के कारण कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई।
पुलिस के समझाने पर ट्रक ले जाने दिया
घटना की जानकारी मिलते ही कुंडा थाना की पेट्रोलिंग पार्टी मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर सड़क के बीच खड़े ट्रक को साइड करवाया। हालांकि, परिजन और स्थानीय लोग ट्रक को पुलिस के कब्जे में लेकर जाने से रोक रहे थे।
उनका कहना था कि घायल महिला की हालत गंभीर है और जब तक उसका उचित इलाज नहीं कराया जाता, तब तक ट्रक को यहां से नहीं जाने दिया जाएगा। पुलिस ने काफी समझाने-बुझाने के बाद लोगों को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर थाना ले गई।
मेयत में शामिल होने जा रहे थे
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि संविदा खातून अपने पति अबुल अंसारी, सास रुबिदा बीबी और दो बच्चों के साथ बाइक से बिहार के जमुई जिले के सिमुलतला स्थित बथनावरण गांव में एक मेयत में शामिल होने जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में संविदा खातून को गंभीर चोट लगी, जबकि बाइक पर सवार अन्य लोग मामूली रूप से घायल हो गए।



