
Deoghar News : देवघर जिले के सोनारायठाढ़ी थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इनके पास से चार चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन एवं एक मोबाइल चार्जर बरामद किया गया है। इस मामले में सोनारायठाढ़ी थाना कांड संख्या 09/2025 दर्ज किया गया है।

इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अशोक कुमार सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 05 फरवरी की रात करीब 10 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के कोलडिहा गांव के डोभा मार्ग के पास कुछ युवक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर चारों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चार चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गईं।

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश कुमार मंडल (31 वर्ष), गोविंद मंडल (50 वर्ष), सुम्बय महित्य उर्फ शिव रजवार (24 वर्ष) एवं रामचरण मंडल उर्फ राघव मंडल (35 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी आरोपी सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी दल में सोनारायठाढ़ी थाना प्रभारी पुअनि रोहित कुमार दांगी, सअनि तबरेज अंसारी, जेप-5 हवलदार सुशील कुमार सिंह, आरक्षी जेप शैलेन्द्र कुमार सिंह, आरक्षी नरेश कुमार यादव जेप, हवलदार विकास चन्द्र मांझी, चौकिदार सिंटू कुमार चौधरी और सिंटू मुर्मू शामिल थे।


