Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के बिजली ऑफिस के पास स्थित गणेश मंदिर में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है। मंदिर में तीसरी बार चोरी हुई है। हालांकि, इस बार चोर अधिक सामान लेकर भागने में सफल नहीं हो सका। चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

घटना की शिकायत फिलहाल नगर थाना में नहीं दी गई है। जानकारी के अनुसार, एक युवक मंदिर के अंदर प्रवेश करता है और गणेश जी की प्रतिमा से कभी गमछा तो कभी माला निकालने लगता है। इसी दौरान उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे से आवाज आने लगती है, जिसमें पूछा जाता है कि कौन हो और क्या कर रहे हो।

सीसीटीवी से आवाज निकलते ही संभवतः युवक घबरा गया। इसके बाद वह गणेश जी की प्रतिमा से गमछा, माला और डालिया में रखे एक-दो छोटे पीतल के दीप लेकर फरार हो गया।
एक साल पहले दो दानपेटियों से 50 हजार रुपये की हुई थी चोरी
मंदिर की व्यवस्था से जुड़े मुकेश कुमार ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व गणेश मंदिर से 50 हजार रुपये से भरी दो दानपेटियों की चोरी हुई थी। उस घटना के करीब चार माह बाद मंदिर की आलमारी से 16 हजार रुपये नकद के अलावा पीतल की परात और अन्य पूजा के बर्तनों की चोरी कर ली गई थी।
मुकेश कुमार के अनुसार, चोरी की दोनों पुरानी घटनाएं भी मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थीं। उस समय सीसीटीवी फुटेज के साथ नगर थाना में शिकायत भी दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। अब एक बार फिर मंदिर में चोरी की घटना होने से मंदिर की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।



