
Deoghar: कुंडा थाना क्षेत्र के चित्तोलोढ़िया निवासी 60 वर्षीय प्रेमचंद धपरा की मौत शुक्रवार सुबह सदर अस्पताल में इलाज के क्रम में हो गई। बताया जा रहा कि प्रेमचंद धपरा ने बेटी से पीने के लिए सत्तू मांगकर उसमें कीटनाशक दवा मिलाकर पी लिया। जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गयी।

जानकारी मिलते ही बैद्यनाथधाम ओपी प्रभारी विनोद सिंह ने मृतक के पुत्र मुकेश धपरा से घटना की पूरी जानकारी प्राप्त की। बाद में मुकेश का फर्द बयान दर्ज किया गया। जिसमें उसका कहना है कि वह दो भाई और तीन बहन है। जिसमें एक बहन को छोड़कर शेष सभी की शादी हो चुकी है। उनके पिता कुछ दिनों से तनाव में रह रहे थे। मां ने कई बार उनसे तनाव के कारण को लेकर पूछताछ की। लेकिन उन्होंने कुछ नहीं बताया।

दो अप्रैल को कहीं से घर आए और बहन से पीने के लिए सत्तू घोलकर लाने को कहा। सत्तू लाकर देने के बाद उन्होंने एक पुड़िया में रखा कोई चीज उसमें मिलाकर पी लिया। पूछे जाने पर उन्होंने कुछ नहीं बताया। कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। यहां भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा था। उसी क्रम में सात अप्रैल की सुबह उनकी मौत हो गई।
मुकेश ने तनाव की वजह से सत्तू में कीटनाशक दवा मिलाकर पीने से मौत होने की आशंका व्यक्त की है। बैद्यनाथधाम ओपी ने फर्द बयान दर्ज कर संबंधित थाना को आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है।



