Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने प्रशासन का आदेश बताकर एक महिला से सोने के कंगन और अंगूठी उतरवा लिए और जेवर लेकर फरार हो गए। घटना बुधवार दोपहर डीएवी स्कूल, कास्टर टाउन के पास की बताई जा रही है। पीड़िता की ओर से मामले की शिकायत नगर थाना में की गई है।

पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के सत्संग नगर स्थित महावीर कॉलोनी निवासी पूनम सिंह बुधवार दोपहर सामान खरीदने के लिए बाजार गई थीं। सामान लेने के बाद वह टोटो से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान डीएवी स्कूल कास्टर टाउन के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने टोटो को रुकवाया।

बताया गया कि दोनों बदमाशों ने पहले टोटो चालक से गाड़ी के कागजात और ड्राइविंग लाइसेंस की मांग की। इसके बाद उन्होंने महिला से कहा कि प्रशासन का आदेश है कि इतना गहना पहनकर नहीं चलना है। बदमाशों की बातों में आकर महिला ने अपने दोनों हाथों के कंगन और दो सोने की अंगूठी उतार दी।
महिला के गहने उतारने के बाद दोनों बाइक सवार बदमाश उन्हें लेकर मौके से फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार, चोरी हुए सोने के गहनों की कीमत करीब पांच लाख रुपये के आसपास बताई जा रही है। घटना के बाद महिला ने नगर थाना पहुंचकर मामले की शिकायत पुलिस से की।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने में जुटी है, ताकि बाइक सवार दोनों बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।



