
Deoghar News : जसीडीह रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की सीआईबी टीम ने कार्रवाई करते हुए प्लेटफॉर्म संख्या-2 से लगभग 2.95 किलोग्राम चांदी के जेवरात एवं 17,720 रुपये नकद के साथ एक युवक को हिरासत में लेकर राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) के हवाले कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात आरपीएफ सीआईबी टीम को सूचना मिली थी कि हावड़ा-अमृतसर मेल एक्सप्रेस से एक कारोबारी सोने एवं चांदी के जेवरात लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने प्लेटफॉर्म पर जांच अभियान शुरू किया।

इसी दौरान अप हावड़ा-अमृतसर मेल एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर पहुंची। ट्रेन से लाल रंग का बैग लेकर उतर रहे एक युवक की गतिविधि संदिग्ध प्रतीत होने पर टीम ने उसे रोककर पूछताछ की।पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान देवघर सदर थाना क्षेत्र के पोखना टिल्हा मोहल्ला निवासी मुकेश कुमार के रूप में बताई।
बैग की तलाशी लेने पर चांदी के ताबीज, चम्मच, पायल, गिलास, कटोरा, कंगन, अंगूठी, प्लेट, बॉल सहित अन्य चांदी के सामान बरामद हुए। इसके अलावा बैग से 17,720 रुपये नकद भी मिले। बरामद चांदी के जेवरात का कुल वजन लगभग 2.95 किलोग्राम बताया गया है।
आरपीएफ ने आवश्यक कार्रवाई के बाद युवक एवं बरामद सामान को आगे की जांच के लिए राजकीय रेल पुलिस को सौंप दिया है। उल्लेखनीय है कि करीब छह माह पूर्व भी आरपीएफ ने देवघर स्टेशन के प्लेटफॉर्म से भारी मात्रा में चांदी के जेवरात बरामद किए थे।


