Deoghar News : रिखिया थाना क्षेत्र में शादी करने की नीयत से 17 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर घर से भगाकर ले जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर रिखिया थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन करते हुए नाबालिग की खोजबीन में जुट गई है।

शिकायत में बताया गया है कि 21 सितंबर 2026 की शाम करीब सात बजे नाबालिग के मोबाइल पर फोन आया था। वह फोन पर बातचीत कर रही थी। इसी दौरान घर से बाहर निकल गई। कुछ देर बाद वह वापस आई और मोबाइल घर में रखकर दोबारा बाहर निकल गई। करीब आधे घंटे तक उसके वापस नहीं लौटने पर आसपास के लोगों से जानकारी ली गई, लेकिन उसका पता नहीं चला।

इसके बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन गांव में भी उसका पता नहीं चल सका। शिकायत के अनुसार नाबालिग पूर्व में विशाल तांती उर्फ अभिषेक तांती से बातचीत करती थी। परिजनों को इसकी जानकारी मिलने पर नाबालिग को डांट-फटकार भी की गई थी।
शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि विशाल तांती ही नाबालिग को बहला-फुसलाकर शादी करने की नीयत से घर से भगाकर ले गया है। शिकायत में यह भी बताया गया है कि नाबालिग ने अंतिम बार एक मोबाइल नंबर से बातचीत की थी। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और नाबालिग की खोजबीन के साथ आरोपी विशाल तांती की तलाश में जुटी है।



