Deoghar: देवघर महिला थाना में दहेज प्रताड़ना और मारपीट करने को लेकर मामला दर्ज कराया है। यह मामला गिरिडीह जिला के बगोदर थाना क्षेत्र के औरा निवासी प्रियंका कुमार गुप्ता पति संतोष प्रसाद गुप्ता ने दर्ज कराया है।
कहा है कि वर्तमान में वह देवघर नगर थाना क्षेत्र के जलसार रोड स्थित अपने माता के घर रह रही है। मामले में कहा है कि उसकी शादी 2017 में हिन्दू रीति रिवाज के अनुसार बगोदर औरा निवासी संतोष कुमार गुप्ता के साथ संपन्न हुई थी। शादी के वक्त उसकी मां, भाई और मामा ने मिलकर नगद पांच लाख और सोने का छह भरी जेवर और बर्तन-बासन दिया था। शादी के बाद वह ससुराल गयी जहां कुछ दिनों तक सब ठीक-ठाक चला। उसके बाद पति संतोष प्रसाद गुप्ता, ससुर महेन्द्र प्रसाद गुप्ता, सास देवयन्ति देवी, देवर विनोद कुमार, ननद सावित्री कुमारी, यशोदा देवी, सुनिता देवी सभी मिलकर बाइक की मांग करने लगे और शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे।
इसे लेकर पूर्व में देवघर न्यायालय में एक परिवाद पत्र भी दाखिल किया था। लेकिन सामाजिक रूप से एक पंचायती कराने के बाद ससुराल वाले उसे दुबारा रखने के लिये राजी हो गये। तीन चार महीने तक सभी लोग ठीक-ठाक रहे लेकिन पुन: सभी लोग मिलकर बाइक की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। 21 दिसंबर 2022 की रात आठ बजे के आसपास उपरोक्त सभी लोग मिलकर मारपीट किया और इसी क्रम में सास देवन्ती देवी ने जान मारने की नियत से चाकू से गर्दन पर हमला कर दिया। जब वह जोर- जोर से चिल्लाने लगी तो अगल-बगल के लोग दौड़कर आये तब उसकी जान बची। अनन-फानन में उसे इलाज के लिये अस्पताल ले जाया गया। देर रात को मायके वाले गिरिडीह पहुुंचे उसके बाद उसे देवघर लाया गया।
महिला थाना पुलिस मामला दर्ज कर पड़ताल में जुट गयी है।