
Deoghar News: देवघर शहरी क्षेत्र में मंगलवार को नगर निगम व पुलिस प्रशासन की ओर से बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई। दोपहर से शुरू हुई कार्रवाई शाम तक एक लगातार चलती रही। अतिक्रमण को मुक्त कराने के लिए अभियान की शुरुआत शिक्षा सभा चौक से की गई।

इसके बाद आजाद चौक, टावर चौक, सीपी ड्रोलिया रोड से बजरंगी चौक होते हुए राय एंड कंपनी मोड़ तक अतिक्रमण को मुक्त कराया गया। इस दौरान सड़क व नाला को अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान अस्थायी रूप से दुकान के बाहर बनाए गए शेड को हटाया गया।

साथ ही नाला को अतिक्रमण का अस्थायी दुकान लगाने के लिए रखे गए चौकी, टेबूल, कुर्सी सहित अन्य सामान को जब्त किया गया। जब्त सामान को निगम के ट्रैक्टर में लादकर संबंधित स्थान पर भेजा गया। निगम के कर्मी अस्थायी शेड को हटाने में जुट रहे। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सहायक नगर आयुक्त राजीव रंजन, सीसीआर डीएसपी आलोक रंजन, नगर प्रबंधक प्रकाश मिश्रा, यातायात थाना प्रभारी आतिश कुमार की मौजूदगी में चलाया गया।

नगर प्रबंधक ने कहा कि नाला को अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। इन दुकानदारों को नाले को अतिक्रमण मुक्त रखने का निर्देश दिया गया है। सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि अतिक्रमण करने वालों को पूर्व में कई बार अतिक्रमण को मुक्त करने को लेकर सूचना दी गई थी।
बावजूद अतिक्रमण को मुक्त नहीं किया गया। अतिक्रमण की वजह से आमजनों को हो रही परेशानी को देखते हुए कार्रवाई की गई। वहीं सीसीआर डीएसपी ने कहा कि अतिक्रमण की वजह से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। अतिक्रमण को मुक्त रखने का निर्देश दिया गया था।
बावजूद अतिक्रमण को नहीं हटाया गया। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और लोगों को हो रही परेशानी से बचाने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है।



