
Ranchi: भाजपा के गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे (BJP Godda MP Nishikant Dubey) के एक ट्वीट ने एक बार फिर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने टि्वटर पर चुनाव आयोग की चिट्ठी साझा की है। इस चिट्ठी की शुरुआत की दो लाइनों को छिपा दिया गया है लेकिन इसकी बाकी की लाइनों के साथ निशिकांत दुबे ने लिखा है कि हेमंत सोरेन (Hemant Soren) के बाद दूसरी ख़बर चुनाव आयोग से, देवघर ज़िला में वोटर लिस्ट के रिवीज़न में वर्तमान उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को हटाने का आदेश है।

जानकारी हो कि भारत निर्वाचन आयोग ने इससे पहले भी देवघर जिले उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अनुशंसा की थी। चुनाव आयोग ने यह भी कहा था कि बगैर चुनाव आयोग की अनुमति के भजंत्री को भविष्य में कभी भी चुनाव ड्यूटी ना दी जाए। यह कार्रवाई सांसद निशिकांत दुबे की शिकायत के आधार पर हुई थी। उस वक्त भी निशिकांत दुबे ने ट्वीट कर लिखा था कि मेरे खिलाफ़ साज़िश के तहत ग़लत केस करने के कारण चुनाव आयोग ने देवघर उपायुक्त को हटाने का फ़ैसला किया। अब वर्तमान उपायुक्त बिना चुनाव आयोग के आदेश के दूसरे ज़िला के उपायुक्त भी नहीं बन पाएंगे। इसके अलावा उनके ऊपर अति विशिष्ट दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी ।

उल्लेखनीय है कि देवघर डीसी पर सत्ताधारी झामुमो के पक्ष में काम करने का आरोप लगा था। 17 अप्रैल, 2021 को देवघर जिले के मधुपुर विधानसभा का उपचुनाव हुआ था। इस चुनाव में उन पर एक पक्षीय काम करने का आरोप लगा था। निशिकांत दुबे के खिलाफ देवघर जिले के विभिन्न थानों में चुनाव अचार संहिता उल्लंघन को लेकर पांच अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज हुई थी । भाजपा ने इसके खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत की थी। 11 नवंबर को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने आयोग को पत्र भेजकर बिना शर्त माफी मांगी थी। अब निशिकांत दुबे के एक और ट्वीट ने इस मामले को एक बार फिर हवा दे दी है।



