देवघर।
देवघर में भू-माफियाओं का आतंक दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को भी ऐसा ही एक वाक्या सामने आया है।
बताया जा रहा है कि देवघर नगर थाना क्षेत्र के नंदन पहाड़ स्थित सिद्धार्थनगर बैजनाथ आश्रम के समीप रामाश्रय प्रसाद सिंह अपने परिजनों के साथ जमीन पर काम कर रहे थे। उन्होंने पास में ही लगभग 2 कट्ठा जमीन खरीद कर उसमें बाउंड्री वॉल के साथ दो रूम बनाया था। शुक्रवार को अचानक भू-माफियाओं ने उनके घर में घुसकर मारपीट की, और घरवालों को बाहर निकालने की कोशिश की। जिसमे एक महिला सहित चार लोगों घायल हो गये। आरोप है कि सभी हमलावर कुदाल व घातक हथियार से लैस थे।
घायलों में रामाश्रय प्रसाद सिंह, उनके पुत्र धर्मेंद्र कुमार सिंह, संतोष कुमार के अलावा एक महिला भी शामिल है। घटना के बाद सभी घायल नगर थाना पहुंचे, जहां से सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। घायल महिला का इलाज किए जाने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जबकि गंभीर रूप से घायल तीनों पिता-पुत्र का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।