
Deoghar: मधुपुर थाना क्षेत्र के लॉओपाला फैक्ट्री के समीप बुधवार देर शाम सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई जबकि उसके दो बच्चे जख्मी हो गए। पोस्टमार्टम के बाद पोखरिया निवासी 35 वर्ष की गुड़िया देवी का शव गांव पहुंचते ही मातम छा गया। पोखरिया समेत आसपास के आक्रोशित ग्रामीणों ने मधुपुर गिरिडीह के बीच पोखरिया के पास एनएच जाम कर दिया।

जाम की सूचना मिलते ही बीडीओ राजीव कुमार सिंह, सीओ परमेश्वर कुशवाहा सहित पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास किया। जाम कर रहे लोग अनुमंडल पदाधिकारी को बुलाने और मृतक के आश्रित बच्चों को समुचित मुआवजा दिलाने की मांग पर अड़े हैं।

दोपहर करीब एक बजे से सड़क जाम है। जाम के कारण दोनों और दर्जनों सवारी और मालवाहक वाहन फंसे हैं। घटना के संबंध में बताया जाता है कि पोखरिया गांव निवासी गुड़िया देवी अपने दो बच्चों के साथ गड़िया स्थित दुर्गा मंदिर से मेला और रावण दहन कार्यक्रम देखकर पैदल अपने गांव लौट रही थी। इसी दौरान लाओपाला कारखाना के पास विपरीत दिशा से आ रहे बाइक चालक चुंगलो गांव निवासी हीरालाल मंडल ने गुड़िया देवी समेत उसके दो पुत्र को धक्का मार दिया। जिसमें दो बच्चे गौरव, पिंटु जख्मी हो गया।
गंभीर रूप से जख्मी गुड़िया देवी को अनुमंडल अस्पताल मधुपुर में इलाज के लिए ले जाया गया। प्राथमिक चिकित्सा के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे देवघर रेफर कर दिया गया जहां सदर अस्पताल में इलाज के दौरान गुड़िया देवी की मौत हो गई। गुड़िया घरेलू दाई का काम कर अपने परिवार का भरण पोषण करती थी। उसका पति गुड्डू तुरी एक विद्यालय का वाहन चालक है। मृतका को छोटे-छोटे दो बच्चे और दो बच्चियां है।


