Ranchi: राज्य में चल रही सियासी हलचल के बीच रविवार को पहली बार महागठबंधन के नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए सरकार में मंत्री चम्पई सोरेन ने कहा कि हमारा गठबंधन मजबूत है। जनता की चुनी हुई सरकार के खिलाफ एक बड़ी साजिश की जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि भाजपा को एक आदिवासी मुख्यमंत्री पच नहीं रहा। साजिश कर विकास के पहिये को धीमा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गैर भाजपा शासित राज्यों की सरकार को अस्थिर करना भाजपा का इतिहास है लेकिन झारखंड में उनका मसूंबा कामयाब नहीं होगा। केंद्र सरकार के इशारे पर सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन कभी वे कामयाब नहीं होंगे।
चम्पई सोरेन ने कहा कि राज्यपाल को निर्वाचन आयोग ने क्या रिपोर्ट दी है, राज्यपाल ने उस पर क्या निर्णय लिया है, इसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए। राज्यपाल और निर्वाचन आयोग मामले को उलझाए हुए है। जनता में भ्रम फैलाया जा रहा है। ऐसे में जो भी निर्णय लेना है जल्द लें।
चम्पई ने कहा कि भाजपा राज्य में हॉर्स ट्रेडिंग को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने दिल्ली का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह से दिल्ली में विधायकों की खरीद फरोख्त हो रही है, वही भाजपा झारखंड में भी करना चाह रही है लेकिन उन्हें पता नहीं है कि यह झारखंड के आंदोलनकारियों की सरकार है। हमें हर विषय का जवाब देना आता है। कभी भाजपा के कुत्सित इरादे को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।
हमें उलगुलान करना भी आता है : बन्ना
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि हम लोग उलगुलाल के वंशज हैं, हमें उलगुलान करना भी आता है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री के खिलाफ कोई निर्णय हुआ है तो उसे सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा के एक नेता ट्वीट कर जानकारी दे रहे हैं कि यह फैसला हुआ है, वह फैसला हुआ। भाई निर्वाचन आयोग और महामहिम राज्यपाल तो बताए कि बंद लिफाफे में है क्या।