
Deoghar: 30 जुलाई को दिल्ली-देवघर की पहली फ्लाइट से सांसद डॉ. निशिकांत दुबे की अगुवाई में देवघर पहुंची सांसदों और विशिष्ट अतिथियों की टोली रविवार को दिल्ली वापस लौटने से पहले देवघर एम्स पहुंची। मुख्य रूप से सांसद मनोज तिवारी, सांसद रवि किशन, सांसद अनुराग शर्मा, सांसद राजीव प्रताप रूडी और सांसद दिनेश लाल यादव मौके पर मौजूद थे। सभी सांसदों ने एम्स परिसर का निरीक्षण किया।

देवघर एम्स पहुंचे देश के तकरीबन दर्जन भर सांसदों द्वारा रोटरी क्लब की ओर से एम्स परिसर में चलाए जा रहे प्रोजेक्ट बसुंधरा के तहत अपनी भागीदारी दी गयी। सभी अतिथियों ने एम्स परिसर में एक-एक पेड़ लगाकर प्रोजेक्ट बसुंधरा की न सिर्फ खूबसूरती बढ़ाई बल्कि देवघर को अपने-अपने नाम का एक यादगार तोहफा देकर गए।

वृक्षारोपण कार्यक्रम के अवसर पर गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे सहित दिल्ली सांसद मनोज तिवारी, गोरखपुर सांसद रवि किशन, आजमगढ़ सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ के साथ भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली, छपरा सांसद राजीव प्रताप रूड़ी जिन्होंने दिल्ली-देवघर की पहली फ्लाइट की भी कमान संभाली थी, के अलावे मौके पर मौजूद अन्य लोकसभा व राज्यसभा के सांसदों ने एक-एक पेड़ लगा कर रोटरी क्लब द्वारा किये गए सफल प्रयास की सराहना की।

इस मौके पर एम्स के डायरेक्टर डा.सौरव वार्ष्णेय, डिप्टी डायरेक्टर अमरेंद्र कुमार और वहां के अन्य डॉक्टर भी उपस्थित रहे।
यहां बता दें कि पीयूष जायसवाल के नेतृत्व में रोटरी क्लब देवघर की ओर से प्रोजेक्ट वसुंधरा के तहत 50,000 पौधे एम्स परिसर, देवघर में लगाए गए हैं। दूसरे फेज में एम्स में 18,000 पौधे और लगाए जा रहे हैं। इन्होंने संकल्प लिया है कि सिर्फ 50 हजार पौधों को लगाना ही नहीं है बल्कि उन्हें बचाना भी है। जिस कार्य के लिए पिछले डेढ़ साल से पियूष जयसवाल ने कमान संभाल रखी है।

रोटरी क्लब की ओर से आज के कार्यक्रम में नीलेश कोठारी, नीरज अग्रवाल और आनंद शाह शामिल थे। अतिथियों में सारिका साह, नितेश भतवाल और धनबाद नगर निगम की उप नगर आयुक्त कंचन भालोदिया भी उपस्थित थीं।
भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन जितेश राजपाल, सचिव निरंजन कुमार सिंह और एसजीसीसीआई के रीजनल वाइस प्रेसिडेंट गोपाल कृष्ण शर्मा ने भी पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लिया।


