
Ranchi: झारखण्ड के गोड्डा से बीजेपी सांसद डॉ. निशिकांत दुबे (BJP MP Dr. Nishikant Dubey) ने सूबे के पेयजल स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर (Minister Mithilesh Thakur) की सदस्यता को लेकर ट्वीट कर बड़ा दावा किया है। जिसके बाद सियासी घमासान मचा है।

निशिकांत दुबे ने गढ़वा डीसी द्वारा मंत्री मिथिलेश ठाकुर को क्लीन चिट दिए जाने के मामले में ट्वीट किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में दावा किया है कि गढ़वा डीसी द्वारा दिए गए क्लीन चिट को चुनाव आयोग ने नहीं माना है। निशिकांत दुबे के अनुसार, चुनाव आयोग मिथिलेश ठाकुर की सदस्य्ता रद्द करने को लेकर नोटिस भेजने की तैयारी कर रहा है। साथ ही उन्होंने ने यह भी कहा है कि इस मामले में गढ़वा डीसी के विरुद्ध भी कार्रवाई होगी।

निशिकांत दुबे ने लिखा “DC की क्लीन चिट को आयोग ने नहीं माना । चुनाव आयोग इनको भी सदस्यता रद्द करने का नोटिस भेज रही है, संबंधित ज़िला उपायुक्त पर भी कार्रवाई की तैयारी है।”
बता दें कि मंत्री मिथिलेश ठाकुर के खिलाफ भारत निर्वाचन आयोग से शिकायत की गई है कि उन्होंने लोक प्रतिनिधित्व कानून 1951 का उल्लंघन किया है। उन्हें इस कानून की धारा 9ए के तहत अयोग्य घोषित कर उनकी सदस्यता समाप्त की जाए। आयोग ने शिकायत के आलोक में झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से पूरी रिपोर्ट मांगी थी। इसपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने गढ़वा डीसी को इस मामले में विधिसम्मत कार्रवाई करने को कहा था।


