जामताड़ा: जामताड़ा थाने में आवेदन देकर महिला द्वारा न्याय की गुहार लगाने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार युवक पर महिला को अश्लील वीडियो भेजने का आरोप है।
महिला को अश्लील वीडियो भेजने के आरोप में जामताड़ा पुलिस ने आरोपी रामानुज सिंह को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया। पीड़ित महिला ने बताया कि पड़ोसी रामानुज अश्लील वीडियो और फोटो भेज कर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव देता था। साथ ही यह भी धमकी दे रहा था कि गिरिडीह जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र से हूं और कुछ भी कर सकता हूं।
पीड़ित महिला ने कहा कि आरोपी दवा का थोक विक्रेता है। वह उसके व्हाट्सअप पर पिछले एक सप्ताह से अश्लील वीडियो और फोटो भेज मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। आरोप है कि युवक महिला को अपने पास बुलाने का दबाव बना रहा था। जब महिला ने इनकार कर दिया तब आरोपी ने उसके पति को मारने की बात कही। जब महिला ने अपने ससुराल वालों को सारी घटना की जानकारी दी। इसके बाद ससुराल वालों के सहयोग से थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी रामानुज सिंह के विरुद्ध जामताड़ा थाना में केस दर्ज कर गुरुवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपी को जामताड़ा जेल भेज दिया गया है।