
Deoghar: देवघर शहर में लगातार हो रही चेन छिनतई की वारदातों पर अंकुश लगाने की दिशा में देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेन छिनतई मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से छीने गए चांदी के चेन के अलावा पूर्व में छिनतई किए गए।

चांदी के जेवरात तथा घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी बरामद की गई है। गिरफ्तार तीन आरोपितों में दो का पूर्व से आपराधिक इतिहास है, जबकि तीसरे के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि 16 जुलाई को तीन अपराधियों ने छिनतई की घटना को अंजाम दिया था। जसीडीह थाना क्षेत्र के खिजुरिया निवासी नितिश कुमार के बयान पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। नगर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक रवि ठाकुर, अनुसंधानकर्ता राजेंद्र प्रसाद, पुलिस अवर निरीक्षक सूरज कुमार, सहायक अवर निरीक्षक राजू रजवार, आरक्षी राकेश कुमार सिंह तथा चालक संजीव कुमार और अजमेर अंसारी की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना क्षेत्र स्थित एलआईसी के सामने से तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के चांद कोठी के समीप रहने वाले आलोक कुमार उर्फ सन्नी, बंपास टाउन निवासी आशीष कुमार दास तथा एलआईसी के समीप रहने वाले प्रीतम मिश्रा के रूप में हुई है। इनके पास से चांदी के दो चेन, दो ब्रासलेट, दो लॉकेट और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई। पुलिस ने तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रीतम मिश्रा और आशीष कुमार दास के खिलाफ नगर थाना में एक तथा कुंडा थाना में दो-दो मामले पहले से दर्ज हैं। इन पर लूट, छिनतई, गैर इरादतन हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। वहीं आलोक कुमार के आपराधिक इतिहास की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह छोटे स्तर पर संगठित होकर छिनतई जैसी वारदातों को अंजाम देता था।


