
Deoghar: किन्नर अखाड़ा झारखंड की प्रदेश अध्यक्ष एवं महामंडलेश्वर राजेश्वरी नंद गिरी (रोज मौसी) ने झारखंड के महामहिम राज्यपाल को आवेदन सौंपकर किन्नर (ट्रांसजेंडर) समाज के सर्वांगीण विकास, सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ और राजनीतिक नेतृत्व में भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की है।

आवेदन में कहा गया है कि किन्नर समाज आज भी कई सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से वंचित है। पहचान संबंधी दस्तावेजों और जागरूकता के अभाव में समाज के अनेक लोगों को आवास, आयुष्मान भारत, राशन कार्ड, पेंशन, स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार से विशेष अभियान चलाकर पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की मांग की गई है।

महामंडलेश्वर राजेश्वरी नंद गिरी ने कहा कि किन्नर समाज को आज भी कई प्रशासनिक और सामाजिक स्तर पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आग्रह किया कि किन्नर समाज को स्पष्ट एवं सम्मानजनक जेंडर पहचान प्रदान की जाए, ताकि सरकारी प्रक्रियाओं और सामाजिक जीवन में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही, समाज के लोगों को राजनीतिक क्षेत्र में नेतृत्व करने का अवसर और समान अधिकार सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।
आवेदन में राज्यपाल से अनुरोध किया गया है कि संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर विशेष सहायता शिविर एवं जागरूकता अभियान संचालित किए जाएं, जिससे किन्नर समाज अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सके।
महामंडलेश्वर राजेश्वरी नंद गिरी ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्यपाल के नेतृत्व में किन्नर समाज के सम्मान, अधिकार और समग्र विकास की दिशा में सकारात्मक पहल की जाएगी।


