
रांची: झारखंड के पांच जिलों में कोविड-19 वायरस के अलग-अलग वैरिएंट मिलने की पुष्टि हुई है। पांच जिलों में सबसे ज्यादा डेल्टा वैरिएंट के केसेज सामने आए है। इसके बाद कप्पा और अल्फा वैरिएंट का नंबर है। स्वास्थ्य विभाग के वरीय आईईसी प्रभारी सिद्धार्थ त्रिपाठी ने बताया कि पांच जिलों से 364 संक्रमित व्यक्ति के सैंपल को होल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए आईएलएस लैब भुनेश्वर भेजा गया था।

इसमें 328 सैंपल में वैरीएंट ऑफ कंसर्न म्युटेन्ट पाया गया है। त्रिपाठी ने कहा कि वैरीअंट ऑफ कंसर्न म्युटेन्ट ज्यादा खतरनाक है। इस म्युटेन्ट के लोगों की मौत ज्यादा होती है। साथ ही फेफड़ों में संक्रमण और ऑक्सीजन के लेवल में भी कमी आती है। डेल्टा वैरिएंट के 204 मरीज मिले है।

इनमें जमशेदपुर 86, रांची से 26, धनबाद से 32, हजारीबाग से 39 और पलामू में 21 शामिल है। कप्पा वैरिएंट के 63 मरीज मिले है। इनमें जमशेदपुर में 43, रांची से आठ, धनबाद से चार, हजारीबाग से पांच और पलामू से तीन मरीज मिले है। जबकि अल्फा वैरिएंट के 29 मरीज मिले हैं। इनमें रांची से 18, जमशेदपुर से सात , हजारीबाग-पलामू से दो शामिल है। 32 अन्य वैरिएंट पाए गए हैं।


