
Deoghar: देवघर में अवैध गांजा तस्करी का बड़ा नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जहां बिहार से ट्रेन के जरिए गांजा लाकर जिले के विभिन्न इलाकों में सप्लाई किया जा रहा था। कुंडा पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए 33 किलो गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि एक किशोर को निरुद्ध किया गया है।
बिहार कनेक्शन आया सामने

जांच में खुलासा हुआ है कि इस पूरे नेटवर्क का तार बिहार के लखीसराय जिले के बढैया थाना क्षेत्र से जुड़ा है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों में जमुई जिले के चन्द्रमंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत अम्बाकोला पुजहारडीह निवासी अमित कुमार साह शामिल है। पुलिस के अनुसार, ये लोग ट्रेन के माध्यम से गांजा देवघर लाते थे और कुंडा थाना क्षेत्र के चित्तोलोढ़िया में स्टॉक करते थे।
कार से होती थी जिले में सप्लाई

देवघर के चित्तोलोढ़िया से गांजा को कार के जरिए मोहनपुर, सारवां, रिखिया के लकड़ीगंज और खिजुरिया नगर थाना क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता था। तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए एक किशोर को भी साथ रखना शुरू कर दिया था, ताकि किसी को शक न हो।
फरार सरगना की तलाश तेज
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कई अन्य तस्करों के नाम उजागर किए हैं। पुलिस अब मुख्य सरगना समेत फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के लिए चुनौती बना नेटवर्क
देवघर में बढ़ती गांजा तस्करी पुलिस के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। खासकर ट्रेन के जरिए अंतरजिला नेटवर्क का सक्रिय होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
जल्द हो सकती हैं और गिरफ्तारियां
सूत्रों के अनुसार, पुलिस के पास कई अहम सुराग हाथ लगे हैं और आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।


