दुमका।
छह फरवरी को RIMS से हथकड़ी समेत भागने वाले डबल मर्डर के आरोपी सिद्देश्वर मड़ैया को दुमका पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को एसपी अंबर लकड़ा ने प्रेस वार्ता कर बताया कि सिद्देश्वर मड़ैया को सोमवार को रानीपहाड़ी-फलझिंझरी मेन रोड से गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
सिद्देश्वर को दुमका जेल में खून की उल्टी होने की शिकायत के बाद चार फरवरी को RIMS लाया गया था। RIMS के मेडिसिन ICU वार्ड से जब सिद्देश्वर मड़ैया हथकड़ी की रस्सी काटकर फरार हुआ था तो उसकी निगरानी में लगे दो जवानों को पता तक नहीं चला। एक जवान कैदी के बेड के नीचे फर्श पर चादर बिछाकर सो रहा था, दूसरा वार्ड के बाहर गेट पर घूम रहा था। सिद्देश्वर मड़ैया पाकुड़ के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र स्थित बनकई जेटके टोला का रहने वाला है।
घटना के दिन अहले सुबह तीन बजे कैदी को बेड से गायब देखने के बाद एक नर्स ने सो रहे जवान राजू नंदन मेहता को जानकारी दी। राजू तुरंत वहां से उठा तो देखा कि हथकड़ी की रस्सी कटी हुई है और आरोपी गायब है। इसके बाद सिपाही राजू बाहर निकला और वार्ड के बाहर मौजूद सहकर्मी जवान देवेंद्र कुमार से आरोपी के बारे में पूछा। देवेंद्र को भी कैदी के बारे में कोई जानकारी थी। इसके बाद बरियातू थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और फरार आरोपी को ढूंढने की कोशिश की, पर पता नहीं चला।