Deoghar: देवघर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देशानुसार दुर्गा पूजा के अवसर पर आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग, देवघर द्वारा मोहनपुर क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी शैलेश कुमार यादव एवं अंजलि विवा मिंज ने किया। निरीक्षण के दौरान होटलों, रेस्टोरेंटों, मिठाई दुकानों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी प्रारंभिक जांच की गई।

इसके अलावा जांच के दौरान कुछ खाद्य पदार्थों में स्टार्च एवं कृत्रिम रंग की उपस्थिति पाई गई। साथ ही, मोहनपुर चौपा मोड़ आसपास स्थित माँ भगवती फैमिली रेस्टोरेंट, चौरसिया जनरल स्टोर, माँ भगवती मिष्ठान भंडार, आनंद स्वीट्स, शंकर मिष्ठान भंडार, राजू मिष्ठान भंडार, लक्ष्मण मिष्ठान भंडार, बैद्यनाथ फास्ट फूड में एक्सपायर्ड खाद्य एवं पेय पदार्थ पाए गए। इनमें एक्सपायर्ड सोया सॉस, मिर्च सॉस, स्प्राइट, फैंटा, थम्स अप तथा अन्य खाद्य पदार्थ शामिल थे। संबंधित दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की स्थिति एवं उपलब्ध अभिलेखों की भी जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन, खाद्य पदार्थों की सही भंडारण व्यवस्था, स्वच्छता बनाए रखने तथा एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। संबंधित प्रतिष्ठानों से एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों को बाजार से वापस मंगाने तथा उनका निस्तारण करने को कहा गया। विभाग द्वारा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग, देवघर ने सभी खाद्य कारोबारियों से अपील की है कि वे दुर्गा पूजा के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएं। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे खाद्य पदार्थ खरीदते समय निर्माण एवं समाप्ति तिथि अवश्य जांचें।



