
Deoghar News : देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के भीखना पंचायत अंतर्गत कुमरडीह गांव में डोभा में डूबने से संदिग्ध परिस्थिति में दो किशोरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 14 वर्षीय कृष्णमुरारी उर्फ मानिलाल (पिता- राजीव कुमार गुप्ता) तथा 16 वर्षीय अरविंद कुमार (पिता- अरुण दास) के रूप में हुई है। दोनों कुमरडीह गांव के निवासी थे।

परिजनों के अनुसार कृष्णमुरारी कुंडा स्थित एक निजी विद्यालय में सातवीं कक्षा का छात्र था, जबकि अरविंद तपोवान हाई स्कूल में दसवीं का छात्र था। परिजनों ने बताया कि मंगलवार की रात करीब आठ बजे सूचना मिली कि तपोवान जाने वाले रास्ते में चिरधनिया गांव के पास स्थित डोभा में दोनों डूब गए हैं।

सूचना पर दोनों परिवार के लोग घटनास्थल पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से दोनों को बाहर निकालकर कुंडा स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शवों को घर ले आए। परिजनों का आरोप है कि देर रात शवों का निरीक्षण करने पर दोनों के चेहरे और कान के पास चोट के निशान मिले।
इसके बाद कुंडा पुलिस, स्थानीय मुखिया दिनेश मंडल तथा पंचायत समिति सदस्य रोहित दास को सूचना दी गई। बुधवार सुबह पुलिस गांव पहुंची, पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी प्रशांत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और डोभा के आसपास तथा उसमें पानी की स्थिति की जांच करते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी।

मृतक अरविंद के चाचा भरत दास ने बताया कि मंगलवार शाम चार बजे अरविंद स्कूल से घर आया, खाना खाने के बाद गांव के कृष्णमुरारी के साथ तपोवान घूमने की बात कहकर निकला था। तपोवान में उसके पिता की दुकान है, जहां वह पहुंचा और पिता से नाश्ते के लिए 10 रुपये लेकर दोनों वापस घर लौटने की बात कहकर निकल गए।
शाम 5:45 बजे पिता दुकान बंद कर घर पहुंचे तो अरविंद नहीं मिला। इधर कृष्णमुरारी के परिजन भी उसके घर नहीं लौटने से चिंतित होकर खोजबीन कर रहे थे। रात करीब आठ बजे तक तलाश के दौरान चिरधनिया गांव के एक व्यक्ति ने सूचना दी कि डोभा के पास साइकिल और चप्पल पड़ी है। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और खोजबीन के दौरान डोभा से दोनों के शव बरामद किए गए।
वहीं कृष्णमुरारी के परिजनों ने बताया कि बारिश होने के कारण वह मंगलवार को स्कूल नहीं गया था। शाम करीब चार बजे वह अपनी मां से जबरन मोबाइल लेकर घूमने की बात कहकर घर से निकला था।
इस हृदयविदारक घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है। कृष्णमुरारी दो बहनों का इकलौता भाई था, जबकि अरविंद दो भाइयों में सबसे छोटा था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।


