Deoghar: देवघर से बड़ी खबर है। देवघर नगर थाना क्षेत्र से एक संदिग्ध युवक को गुजरात पुलिस ने गिरफ्तार किया है। युवक को गिरफ्तार दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन में धमाके और गुजरात के गांधीनगर स्थित सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी के मामले में किया गया है।

गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, ब्रिक्स सम्मेलन और गांधीनगर सचिवालय को लेकर धमकी ई-मेल के माध्यम से दी गयी थी। इस मामले में गुजरात के गांधीनगर थाने में 10 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। इसके बाद गुजरात पुलिस ने मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान सामने आये सुरागों के आधार पर गुजरात पुलिस की टीम जांच करने देवघर पहुंची।
इस दौरान देवघर के नगर थाना क्षेत्र से एक युवक को गुजरात पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस युवक से पूछताछ के साथ-साथ धमकी से जुड़े तकनीकी और अन्य सुरागों की जांच की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भेजने के मामले में हिरासत में लिये गये युवक की क्या भूमिका है और उसका इस प्रकरण से कोई सीधा संबंध है या नहीं। पुलिस ई-मेल, तकनीकी सुराग और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
बता दें कि मामला राष्ट्रीय स्तर से जुड़ा होने के कारण देवघर में भी पुलिस की गतिविधियां बढ़ गयी हैं। हालांकि, जांच पूरी होने से पहले पुलिस अधिकारी आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी देने से परहेज कर रहे हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गुजरात से पहुंची पुलिस टीम और देवघर पुलिस के अधिकारी फिलहाल जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा करने से बच रहे हैं।
फिलहाल जांच के बाद ही मामले में युवक की भूमिका और धमकी के पूरे नेटवर्क को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। आधिकारिक पुष्टि के अभाव में युवक को लेकर किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।



