
Deoghar: यातायात पुलिस द्वारा जिले के सभी ऑटो एवं टोटो में लगाए जा रहे यूनिक कोडिंग नंबर का लाभ अब लोगों को मिलने लगा है। शनिवार को यातायात थाना पुलिस ने यूनिक कोडिंग नंबर की मदद से दो अलग-अलग ऑटो में छूटा यात्रियों का सामान सकुशल बरामद कर उनके सुपुर्द कर दिया।

यातायात थाना प्रभारी दिलीप कुमार मुंडा ने बताया कि पहले मामले में कुंडा थाना क्षेत्र निवासी ऋषव राज का ट्रॉली बैग एक ऑटो में छूट गया था। इसकी सूचना उन्होंने यातायात थाना पहुंचकर दी। ऋषव राज ने संबंधित ऑटो का यूनिक कोडिंग नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया। इसके आधार पर ऑटो चालक को थाना बुलाया गया, जिसने ट्रॉली बैग सुरक्षित पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद पुलिस ने बैग उसके मालिक को वापस कर दिया।

वहीं दूसरे मामले में सारवां थाना क्षेत्र के मणिगढ़ी गांव निवासी विवेक मांझी का प्लास्टिक का थैला एक ऑटो में छूट गया था। थैले में उनका आधार कार्ड, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज रखे हुए थे। विवेक मांझी ने भी यातायात थाना पहुंचकर घटना की जानकारी दी और ऑटो का यूनिक कोडिंग नंबर बताया। पुलिस ने उसी नंबर के आधार पर संबंधित ऑटो का पता लगाकर उनका थैला सुरक्षित बरामद कर लिया।
दोनों लोगों ने अपना सामान सुरक्षित वापस मिलने पर यातायात पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस का कहना है कि यूनिक कोडिंग नंबर व्यवस्था से न केवल वाहनों की पहचान आसान हुई है, बल्कि यात्रियों का छूटा सामान भी शीघ्रता से बरामद करने में सफलता मिल रही है।


