
Deoghar News : दुमका जिले के तालझारी थाना क्षेत्र के कपरजोरा गांव निवासी 24 वर्षीय मजदूर अरुण पंडित की बिजली करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों ने बताया कि अरुण पंडित मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। शुक्रवार को वह तालझारी फूटानी हटिया स्थित एक मकान में निर्माण कार्य कर रहा था।

जिस मकान में वह काम कर रहा था, उसके समीप से 11 हजार वोल्ट का बिजली का तार गुजर रहा था। कार्य के दौरान वह अचानक हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद परिजन और आसपास के लोगों ने उसे तत्काल इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
शनिवार को घटना की सूचना मिलने पर सदर अस्पताल स्थित बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना से मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।


