
Deoghar : देवघर जिले के रिखिया थाना की पुलिस ने हथियार के साथ चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों का संबंध कुख्यात अमन साहू व आशीष मिश्रा गिरोह से बताया जाता है।

इसे लेकर एसआइ दीपक मंडल के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। धराये आरोपितों में जिले के नगर थाना क्षेत्र के बिलासी टाउन निवासी आकाश कुमार, जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के डहुआ गांव निवासी शिवम मिश्रा और सागर कुमार मिश्रा वह नगर थाना क्षेत्र के हरिकिशुन साह लेन निवासी राहुल सिंह शामिल हैं।

बताया जाता है कि पुलिस की टीम गश्ती पर थी। इस दौरान थाना क्षेत्र के भुरभुरा मोड के पास कुख्यात अमन साहू व आशीष मिश्रा गिरोह के सदस्यों के हथियार के साथ मौजूद होने की सूचना मिली। ये लोग किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।
जानकारी मिलते ही पुलिस ने वहां पहुंची तो एक चार पहिया वाहन को देखा। पुलिस को देखकर सभी लोग वाहन से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ करने पर उन लोगों ने अपने आप को अमन साहू और आशीष मिश्रा गिरोह का सदस्य बताया।
तलाशी लेने पर उनके पास से एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया। पुलिस ने उनके पास से बरामद मोबाइल को भी जब्त कर लिया है। वहीं कार को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने पूछताछ के बाद सभी आरोपितों को जेल भेज दिया। ये लोग किस घटना को अंजाम देने की फिराक में थे इस बारे में पुलिस द्वारा अभी कुछ बताया नहीं गया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। (IANS)


