
Deoghar News : देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के बजरमरुआ निवासी सीताराम दास के घर हुई डकैती कांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए 10 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

मामले की जानकारी सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने एसपी कार्यालय स्थित सभा कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में दी। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

टीम ने जसीडीह थाना क्षेत्र के कोकरीजोरी से रोहिणी मोड़ जाने वाली मुख्य सड़क किनारे स्थित एक अर्धनिर्मित मकान में छापेमारी की। यहां से डकैती की योजना बनाते 10 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से एक देशी पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, एक मैगजीन, पुलिस की कैमोफ्लाज वर्दी के पांच सेट, पांच टोपी, चार पुलिस स्टिक तथा दो मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को साइबर पुलिस बताता था और ग्रामीण इलाकों में छापेमारी के बहाने लूट एवं डकैती की घटनाओं को अंजाम देता था।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह ने पिछले कुछ महीनों में जसीडीह थाना क्षेत्र के बजरमरुआ निवासी सीताराम दास, सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के असरफ अंसारी, मोहनपुर थाना क्षेत्र के चितरपोका, मधुपुर थाना क्षेत्र के महेन्द्र यादव तथा पथरौल थाना क्षेत्र के मनोज कुमार मंडल के घरों में पुलिस की वर्दी पहनकर डकैती की घटनाओं को अंजाम दिया था।
गिरफ्तार आरोपियों में देवीपुर थाना क्षेत्र के धबवा निवासी मो फारख अंसारी, रहाबाद निवासी मो मुबारक अंसारी उर्फ गुड्डू, रजपुरा निवासी इजरायल अंसारी, समलापुर निवासी ताहिर अंसारी, झुमराबाद निवासी सहबाज आलम, भैरवाटीला निवासी पांडेय यादव, धबवा निवासी अल्ताफ अंसारी उर्फ गुड्डू, मोहनपुर थाना क्षेत्र के रधुनाथपुर निवासी बबलू अंसारी, सुलेमान साह, अकबर साह के शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी इजरायल अंसारी वर्तमान में अपने पंचायत का उप मुखिया भी है
गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पाण्डेय यादव के विरुद्ध देवीपुर, मारगोमुंडा एवं बड़हई थाना में वर्ष 2017, 2020, 2021, 2023 एवं 2025 के कुल छह आपराधिक कांड दर्ज हैं। इनमें डकैती, लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट तथा बीएनएस की गंभीर धाराएं शामिल हैं।
मो. फारख अंसारी के विरुद्ध पथरौल थाना कांड संख्या 115/2020 (धारा 364ए/34), जामताड़ा एसटी केस संख्या 135/2021 तथा सारठ थाना कांड संख्या 119/2020 (धारा 392) दर्ज है।
पुलिस के अनुसार सभी मामलों में आरोप पत्र समर्पित किया जा चुका है। इजरायल अंसारी के खिलाफ देवीपुर थाना कांड संख्या 183/2022 में दंगा, डकैती, मारपीट, आगजनी एवं अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है। ताहिर अंसारी के विरुद्ध देवीपुर थाना में वर्ष 2018, 2020 एवं 2026 के तीन अलग-अलग मामलों में डकैती, लूट, दंगा, मारपीट व अन्य गंभीर धाराओं के तहत कांड दर्ज हैं।
इसके अलावा पुलिस ने बताया कि गिरोह का सरगना मो. मुबारक अंसारी उर्फ गुड्डू तथा मो. फारख अंसारी अपहरण सहित अन्य संगीन मामलों में भी पहले से आरोपित रह चुके हैं।
छापेमारी दल में शामिल पदाधिकारी
इस कार्रवाई में जसीडीह थाना प्रभारी पुनि दीपक कुमार, देवीपुर थाना प्रभारी पुअनि प्रशांत कुमार, मोहनपुर थाना प्रभारी पुअनि संदीप कृष्णा, चितरा थाना प्रभारी पुअनि प्रियरंजन कुमार, पुअनि अमर कुमार, पुअनि चंदन कुमार साव, पुअनि तरुण बाड़ोला, पुअनि अशोक कुमार (मधुपुर थाना), सअनि अभय कुमार, सअनि कौशलेन्द्र कुमार, सअनि सामंत कुमार, जसीडीह थाना, तकनीकी शाखा देवघर के कर्मी, थाना सशस्त्र बल एवं चौकीदार शामिल थे।
एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने कहा कि जिले में संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


