
Deoghar : पीएम किसान योजना के लाभ दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले 13 साइबर ठगी के आरोपितों को साइबर थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पकड़े गए आरोपितों के पास से 14 मोबाइल फोन, 19 सिम कार्ड बरामद किया गया है। इनमें से चार सिम कार्ड के खिलाफ प्रतिबिंब पोर्टल पर पहले से साइबर ठगी की आनलाइन शिकायत दर्ज है।

वहीं नौ आरोपितों के पास से जो मोबाइल नंबर बरामद हुआ है उसके खिलाफ जिम्स एप पर शिकायत दर्ज है। पकड़े गए आरोपितों में जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के बांक गांव निवासी राजा कुमार, इसी थाना क्षेत्र के शिवनगर गांव निवासी गौतम कुमार यादव, टुनटुन कुमार यादव, रमेश कुमार यादव,
दुमका जिला के तालझारी थाना क्षेत्र के बुढ़ीकुरा गांव निवासी सोहन कुमार मंडल, चितरा थाना क्षेत्र के दुमदुमी गांव निवासी प्रशांत कुमार दास, सारठ थाना क्षेत्र के पथरड्डा ओपी क्षेत्र गोबरशाला गांव निवासी पवन दास, इसी थाना क्षेत्र के करैया गांव निवासी छोटू कुमार दास,
जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र के नवापतरो गांव निवासी नकुल कुमार दास, देवीपुर थाना क्षेत्र के बरगुनिया गांव निवासी सिकंदर कुमार दास, सीमावर्ती बिहार के चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के रांगाटांड गांव निवासी वर्तमान में मधुपुर के नवापतरो गांव में रहने वाला पप्पू कुमार दास, सारवां थाना क्षेत्र के कुंडा गांव निवासी सचिन दास, बिहार पटना के फुलवारी सरीफ वर्तमान में कुंडा थाना क्षेत्र के चांदडीह गांव निवासी फहद खान शामिल हैं।
पूछताछ के क्रम में आरोपितों ने बताया कि ये लोग मुख्य रूप से पीएम किसान योजना के लाभुकों को फोन कर योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर फर्जी लिंक भेजकर ठगी का शिकार बनाते हैं।
वहीं फर्जी फोन पे व पेटीएम का कस्टमर केयर पदाधिकारी बनकर लोगों को कैश बैंक व इनाम मिलने का झांसा देकर ठगी करते हैं।
इसकी गिरफ्तारी में इंस्पेक्टर सुशांत त्रिपाठी, एसआइ अजय कुमार शामिल थे। पूछताछ करने के बाद सभी आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।


