Ranchi: झारखंड (Jharkhand) में अप्रैल माह में ही मई-जून की गर्मी का एहसास होने लगा है। अप्रैल के दूसरे सप्ताह में ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने लगा है। राज्य के कई जिलों में 44 डिग्री सेल्सियस तक पारा पहुंचने का पूर्वानुमान किया गया है।
मौसम विभाग ने बढ़ती गर्मी के कारण लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। राज्य के कई जिलों में लू चलने की चेतावनी भी दी है। रांची का शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मौसम केंद्र रांची के अनुसार झारखंड के 14 जिलों हजारीबाग , कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, लातेहार, लोहरदगा, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में पारा 41 से 42 डिग्री सेल्सियस पहुंचेगा। इसके अलावा राज्य के रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, रामगढ़ और बोकारो जिलों में तापमान 39-40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना मौसम विभाग ने जताया है।