
Ganaigangoli (Pithoragarh): कैप्टन देवेश जोशी (Capt Devesh Joshi) को साहस, वीरता और उत्कृष्ट कार्य करने के लिए गैलेंटरी अवार्ड (Gallantry Award) दिया गया है। उत्तराखंड के गौलचौरा निवासी कैप्टन देवेश जोशी को अवार्ड मिलने पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। पदक मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Chief Minister Pushkar Singh Dhami) ने उन्हें फोन पर बधाई दी है।

गौलचौरा निवासी कैप्टन देवेश जोशी को दिल्ली में 15 अगस्त को आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने अदम्य साहस के लिए गैलेंटरी अवार्ड प्रदान किया। उन्हें यह अवार्ड झारखंड के देवघर में रोपवे में ट्राली में 48 घंटे तक फंसे पर्यटकों को सुरक्षित निकालने के लिए ऑपरेशन त्रिकुट (Operation Trikut) की सफलता पर प्रदान किया गया।

बता दें कि देवघर त्रिकुट रोपवे (Deoghar Trikut Rop Way) पर रामनवमी की शाम बड़ा हादसा हुआ था। देवघर में 17 विभिन्न रोपवे के खराब होने के कारण सभी ट्रालियां आकाश में झूल रही थी जिनमें महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और पुरुष पर्यटक शामिल थे। सेना के चलाए ऑपरेशन त्रिकुट में लेफ्टिनेंट देवेश ने टीम का नेतृत्व करते हुए 21 पर्यटकों की जान बचाने के साथ ही साहस का परिचय देते हुए क्रासिंग करते हुए ट्रालियों तक पहुंचने और अपने साथियों की सहायता से रस्सियों के सहारे फंसे पर्यटकों को सकुशल निकाला था।
जोशी वर्ष 2020 में वह भारतीय सेना (Indian Army) में कमीशन प्राप्त कर कैप्टन बने। वहीं उन्हें पदक मिलने की जानकारी के बाद उनके पैतृक गांव में भी जश्न का माहौल है।



