
Deoghar News : सांप के डंसने से एक अधेड़ की मौत हो गई। मृतक की पहचान उज्जवल इंथोनी के रूप में हुई है। वह मधुपुर थाना क्षेत्र के मीना बाजार का रहने वाला था।

बताया जाता है कि बुधवार की अहले सुबह करीब तीन बजे उज्जवल हड़बड़ाते हुए पड़ोसी के पास पहुंचा और सांप के काटने की बात कही। इसके बाद पड़ोसी उसे इलाज के लिए पहले मधुपुर स्थित सरकारी अस्पताल लेकर गए।

वहां कुछ देर तक उसका इलाज किया गया। स्थिति में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। देवघर सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उज्जवल की मौत हो गई।
बताया जाता है कि मृतक मजदूरी कर अपना और परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके माता-पिता भी मजदूरी कर जीवन-यापन करते हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर अस्पताल स्थित बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।



