
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के सरदार पंडा लेन वीआईपी गेट के समीप निवासी वृद्ध जयनारायण राउत के साथ एसबीआई बाजार शाखा में दिनदहाड़े 1.10 लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया है।

बताया जाता है कि छह बदमाशों ने उनके थैले में ब्लेड मारकर उसमें रखे 1.10 लाख रुपये निकाल लिए और फरार हो गए। घटना मंगलवार दोपहर करीब 1:20 बजे की बतायी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, जयनारायण राउत 1.10 लाख रुपये बैंक खाते में जमा करने के लिए एसबीआई बाजार शाखा पहुंचे थे। बैंक में जमा पर्ची भरने के दौरान उन्होंने एक अज्ञात व्यक्ति से मदद ली थी। जमा पर्ची भरने के बाद वह रुपये जमा करने के लिए काउंटर पर पहुंचे।
इसी दौरान बदमाशों ने उनके थैले में ब्लेड मार दिया और उसमें रखे 1.10 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। घटना के बाद वृद्ध को रुपये गायब होने की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने नगर थाना पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गयी है। पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना में शामिल छह बदमाशों की पहचान की जा सके। साथ ही पुलिस घटना से पहले बैंक में वृद्ध द्वारा जमा पर्ची भरने में ली गयी अज्ञात व्यक्ति की मदद समेत अन्य बिंदुओं की भी जांच कर रही है।
दिनदहाड़े बैंक परिसर में वृद्ध के थैले में ब्लेड मारकर 1.10 लाख रुपये निकाल लिये जाने की घटना से बैंक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल नगर थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।



