
Deoghar : रिखिया थाना क्षेत्र के ठाढ़ी दुबे मंदिर के पास मारपीट कर माथा फाड़ने, चाकू से हमला करने तथा चांदी की सिकड़ी छीन लेने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर ठाढ़ी दुबे मंदिर के पास निवासी दीपक महथा (35 वर्ष), पिता दामोदर महथा ने रिखिया थाना में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

दर्ज प्राथमिकी में दीपक महथा ने कहा है कि 30 अगस्त को दोपहर करीब दो बजे वह दुबे मंदिर के पास मौजूद था। इसी दौरान उसने अपने 16 वर्षीय पुत्र दिलीप कुमार और ठाढ़ी दुबे मंदिर के पास निवासी स्व. घुटर पासी के पुत्र बजरंगी महथा (लगभग 16 वर्ष) को आपस में मारपीट करते देखा। बेटे को मार खाते देखकर वह उसे बचाने के लिए वहां पहुंचा।

मामले में कहा है कि इसी दौरान किरण देवी (लगभग 30 वर्ष), पति स्व. घुटर पासी ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि किरण देवी ने दोनों हाथों से उसके माथे के बाल पकड़कर उसे झुका दिया। इसी दौरान बजरंगी महथा ने हाथ में लिए लोहे के कड़ा से उसके माथे पर जोरदार प्रहार कर दिया, जिससे माथा फट गया और काफी खून बहने लगा।
दर्ज मामले के अनुसार घायल होने के बाद दीपक महथा माथा पकड़कर बैठ गया। इसी दौरान बजरंगी महथा ने चाकू निकालकर उसके माथे पर हमला करने का आरोप है। वादी ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके गले में पहनी आठ भर की चांदी की सिकड़ी को नोचकर ले लिया गया।
घटना के बाद दीपक महथा द्वारा हल्ला किए जाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटे और उसे बचाया। इसके बाद उसने रिखिया थाना में लिखित शिकायत देकर मामले की छानबीन करते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले के आधार पर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



