
Deoghar: देवघर स्थित राज नारायण बोस लाइब्रेरी में झारखंड ताइक्वांडो संघ द्वारा झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह के सम्मान में एक समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह को झारखंड ताइक्वांडो के अध्यक्ष के लिए मनोनीत किया गया।

समारोह की शुरुआत में सर्वप्रथम झारखंड ताइक्वांडो संघ संरक्षक डॉ. जे.सी.राज ने मंत्री दीपिका पांडेय को बुके देकर व ताइक्वांडो सीखने वाली बच्चियों ने बारी बारी से माला पहना कर सम्मानित किया।

बाद में झारखंड ताइक्वांडो संघ के संरक्षक डॉ. जे.सी.राज ने मंत्री दीपिका पांडेय से झारखंड ताइक्वांडो के अध्यक्ष पद का भार ग्रहण करने का अनुरोध किया, जिसे दीपिका पांडेय ने स्वीकार कर लिया। तत्पश्चात ताइक्वांडो संघ के उपस्थित सभी पदाधिकारियों व खिलाड़ियों ने करतल ध्वनि से नये अध्यक्ष का स्वागत किया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में मंत्री पांडेय ने कहा कि वैसे तो इस पद के लिए कोई पॉलिटिकल व्यक्ति से ज्यादा कोई खेल एक्सपर्ट अच्छा होता लेकिन आपके अनुग्रह को मैं ठुकरा न सकी। उपस्थित छोटी छोटी बच्चियों को ताइक्वांडो के यूनिफॉर्म में देख मोहित होते हुए उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा के लिए ताइक्वांडो सीखना बहुत जरूरी है साथ ही कहा कि खेल हमें अनुशासन सिखाता है। अनुशासन जीवन में जो बदलाव लाता है। उससे हम जीवन सफल रहते हैं। ऐसे में हमें जीवन में एक खेल जरूर खेलना चाहिए। इससे हम फिट रहेंगे साथ ही अनुशासित भी रहेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि झारखंड के बच्चों में ताइक्वांडो की अपार संभावनाएं हैं। जरूरत है लक्ष्य को निर्धारित कर किसी कार्य को करने की। साथ ही कहा कि झारखंड सरकार के बिहाफ में मैं आश्वस्त करती हूँ कि सरकार खेल और खिलाड़ियों के साथ हमेशा खड़ा है और रहेगी।
इस मौके पर डॉ जे.सी.राज ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है। खेल शारीरिक और मानसिक विकास के लिए जरूरी है। खेल वर्तमान समय में स्वास्थ्य की दृष्टि से सर्वोत्तम साधन है, इससे तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। पहले कहावत थी कि खेलोगे कूदोगे बनोगे खराब, पढ़ोगे लिखोगे बनोगे नवाब। लेकिन यह कहावत अब बदल चुकी है। अब खेलों के माध्यम से भी खिलाड़ी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सम्मान प्राप्त कर रहे हैं।
इस अवसर पर झारखंड ताइक्वांडो के सारे पदाधिकारी मौजूद रहे। देवघर ताइक्वांडो के संरक्षक जे सी राज, झारखंड ताइक्वांडो के उपाध्यक्ष मनोज कुमार , सचिव नीरज कुमार, कोषाध्यक्ष बमबम देव, संयुक्त सचिव रबीउल हुसैन, देवघर ताइक्वांडो के अध्यक्ष अधिवक्ता अनूप कुमार सहित देवघर ताइक्वांडो के सारे पदाधिकारी मौजूद रहे। देवघर ताइक्वांडो के राष्ट्रीय खिलाड़ी दिलीप कुमार , हर्षित्व गुप्ता, चांद अंसारी ने इस प्रोग्राम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।


