देवघर:

आज श्रावणी मेला के दूसरे दिन सुबह 4ः45 बजे मंदिर का पट खुलते ही जलार्पण शुरू हो गया. कांवरियों की कतार तड़के सुबह बी0एड0 काॅलेज तक पहुँच गयी थी।



शिवभक्तों की गूंज से पूरा रूट लाईन गुंजायमान है और सभी कांवरिया कतारबद्ध हो बाबा का जयघोष करते हुए निरंतर आगे बढ़ते नज़र आये। जलार्पण के लिए कतारबद्ध कांवरियों को बी0एड0 काॅलेज व नेहरू पार्क से मानसिंघी फुट ओवर ब्रीज होते हुए बाबा मंदिर मंझला खण्ड में लगे अर्घा के माध्यम से जलार्पण कराया जा रहा है। साथ ही रूट लाईन के हर प्वाइंट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किये गये हैं, और इसकी निगरानी लगातार उपायुक्त के द्वारा की जा रही है।

मेले के दूसरे दिन रात 8.00 बजे तक बाबा को अर्घा के माध्यम से जलार्पण करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 54,442 रही। इसके अतिरिक्त शीघ्रदर्शनम् कूपन के माध्यम से जलार्पण करने वालों की संख्या 2020 है और बाह्य अरघा के माध्यम से जलार्पण करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 11,610 है । इस प्रकार आज रात 8 बजे तक कुल जलार्पण करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 68,072 रही।


