देवघर:

श्रावणी मेला, 2018 की तैयारियों को लेकर पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में सूचना भवन केे सभागार मेें डी0एस0पी0 एवं इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई।


ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ करें कार्य:

इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा वहाँ उपस्थित सभी डी0एस0पी0 एवं इंस्पेक्टर को निदेश दिया गया कि मेला क्षेत्र में जहाँ भी उनकी प्रतिनियुक्ति की गई है, वहाँ सभी ईमानदारी एवं पूरे कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करें और रूट लाईन में हो रही गतिविधियों पर विशेष नजर रखें, ताकि विधि व्यवस्था संधारण में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी:
वहीं मौके पर पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि विगत वर्षों के श्रावणी मेला से सीख लेते हुए हमलोगों को कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि रैफ के डिप्टी कमाण्डेन्ट एवं एसएसबी के डिप्टी कमाण्डेन्ट भी यहाँ हैं। उनके निर्देशन में मेला क्षेत्र में प्रतिनियुक्त रैफ एवं एसएसबी के सुरक्षाकर्मियों को कार्य करना है। एनडीआरएफ की टीम भी यहाँ आकर अपने काम में लग गयी हैं। उन्होंने आगे कहा कि जो भी ओपी प्रभारी हैं उनकी किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। यदि कोई अनुशासन तोड़ता है तो अगले ही दिन सरकार के तरफ से उसके ऊपर कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में कुल 29 ओपी एवं यातायात ओपी बनाये गये हैं। जिसके तहत् 18 पुलिस ओपी एवं 11 ट्रैफिक ओपी हैं।
जिला प्रशासन पूरी तरह से श्रावणी मेले के सफल संचालन को लेकर तैयार:
एसपी ने कहा कि क्षेत्र में प्रतिनियुक्त यदि किसी भी कर्मी द्वारा किसी प्रकार की लापरवाही बरती गयी तो सरकार द्वारा उनके विरूद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जायेगी। साथ हीें उनके द्वारा एनडीआरएफ की टीम को शिवगंगा में मोर्चा संभालने की बात भी कहीं गई। उन्होंने कहा कि लगभग 2,000 पुलिस पदाधिकारी एवं 10,000 सुरक्षाकर्मियों की प्रतिनियुक्ति मेला क्षेत्र में की गई है। इसके अलावा उनके द्वारा बतलाया गया कि एनडीआरएफ की टीम, रैफ की टीम, एसएसबी की पूरी कम्पनी, एटीएस की दो यूनिट, जेजे के एक पूरी यूनिट, बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड् को लगाया गया है एवं बाबा बैद्यनाथ मंदिर में भी एनडीआरएफ के टीम को प्रतिनियुक्त किया जायेगा, ताकि किसी प्र्रकार के आपातकालीन स्थिति से निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह से श्रावणी मेले के सफल संचालन को लेकर तैयार है।

ये सभी थे मौजूद:
मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, देवघर विकास कुमार श्रीवास्तव, हेड क्वार्टर डीएसपी राजकिशोर, सी0सी0आर डी0एस0पी रवि भूषण एवं पुलिस बल के अधिकारी और बाहर से आये विभिन्न पुलिस पदाधिकारिगण आदि उपस्थित थे।


