
Giridih: नक्सलियों के खिलाफ चलाये जा रहे हैं सर्च अभियान के दौरान गिरिडीह पुलिस और सीआरपीएफ की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

गुप्त सूचना के आधार पर सीआरपीएफ और गिरिडीह पुलिस के द्वारा चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन के दौरान नक्सल प्रभावित खुखरा थाना क्षेत्र के जोकानाला के पास से पुलिस ने जंगल में जमीन के अंदर नक्सलियों के द्वारा छिपा कर रखे हुए 14 हथियार को बरामद करने में सफलता पाई है।

जो हथियार बरामद किया गया है उसमें 303 बोर का रायफल, एसएलआर, गन पाउडर समेत अन्य हथियार शामिल है। बड़ी संख्या में हथियार बरामद करने के बाद गिरिडीह पुलिस और सीआरपीएफ के द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्र पारसनाथ पर्वत की तराई वाले इलाके में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रही है।
मिली जानकारी के अनुसार गिरिडीह के एसपी डॉ. विमल कुमार को गुप्त सूचना मिली कि खुखरा थाना क्षेत्र के जोकानाला के पास नक्सलियों के द्वारा बड़ी संख्या में हथियार छिपा कर रखा हुआ है। सूचना के बाद एसपी डॉ. बिमल कुमार के द्वारा एक टीम का गठन किया गया जिसमें सीआरपीएफ और गिरिडीह पुलिस के पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल थे। टीम के द्वारा संयुक्त अभियान चला कर सभी हथियार को बरामद किया गया है।


