Deoghar : भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन शुक्रवार को पूरे परिवार के साथ बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान के साथ बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर मंगलकामना की। पूजा के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की।

ईशान किशन ने सूर्यवंशी को एक्स्ट्रा और खास खिलाड़ी बताते हुए कहा कि उसे जिस अंदाज में क्रिकेट खेलते हुए देखता हूं, बेहद मजा आता है। उसका खेल क्रिकेट प्रेमियों का खूब मनोरंजन कर रहा है।

ईशान किशन ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा और खेलने का अंदाज उसे दूसरे खिलाड़ियों से अलग बनाता है। वह बेहद बेहतर खिलाड़ी है और आने वाले समय में काफी आगे जाएगा। उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से कामना की कि वैभव विश्व स्तर पर एक से बढ़कर एक रिकॉर्ड बनाए और देश का नाम रोशन करे। उन्होंने सूर्यवंशी के खेल के प्रति आत्मविश्वास की भी सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बाबा बैद्यनाथ मंदिर आने के उद्देश्य से जुड़े सवाल पर ईशान किशन ने कहा कि वह किसी बड़े काम के पूरा होने की मन्नत लेकर बाबा के दरबार में नहीं आते हैं। जब बाबा का बुलावा आता है, तो दर्शन करने चले आते हैं। बाबा बैद्यनाथ के दरबार से उनका खास लगाव है। बाबा के प्रति आस्था और श्रद्धा ही उन्हें बार-बार देवघर खींच लाती है। उन्होंने कहा कि बाबा के दरबार में आकर अलग तरह की अनुभूति होती है। यहां आना उनके लिए आस्था और आत्मीयता से जुड़ा हुआ है।
ईशान किशन के परिवार के साथ बाबा मंदिर पहुंचने की जानकारी मिलने पर क्रिकेट प्रेमियों में भी उत्सुकता देखी गयी। उन्होंने बाबा भोलेनाथ के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए देश के खिलाड़ियों की सफलता और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान उनकी बातचीत में युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के प्रति खास उत्साह देखने को मिला।



