Deoghar : देवघर नगर थाना क्षेत्र के तिवारी चौक के समीप शुक्रवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और तेज रफ्तार से फरार हो गये। घटना सुबह करीब 11:40 बजे की बतायी जा रही है। छिनतई की इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी।

मिली जानकारी के अनुसार, तिवारी चौक के समीप स्थित एक अपार्टमेंट में रहनेवाली नेहा कुमारी शुक्रवार को दिनदहाड़े छिनतई की शिकार हो गयीं। बताया जाता है कि बाइक सवार दो युवक उनके समीप पहुंचे। इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अचानक उनके गले से सोने की चेन खींच ली।

घटना को अंजाम देने के बाद दोनों युवक बाइक से तेज गति में मौके से फरार हो गये। अचानक हुई इस घटना से पीड़िता सकते में आ गयीं। घटना के बाद नेहा कुमारी शिकायत लेकर नगर थाना पहुंचीं और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस छिनतई की घटना की जांच में जुट गयी है।समाचार लिखे जाने तक नगर थाना पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही थी, ताकि बाइक सवार दोनों युवकों की पहचान की जा सके। दिनदहाड़े हुई इस छिनतई की घटना के बाद पुलिस आरोपियों का सुराग लगाने में जुटी हुई है।



