Deoghar : साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में देवघर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के आदेशानुसार पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में गठित टीम ने 20 नवंबर 2026 को सारठ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर सात साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से पुलिस ने 11 मोबाइल फोन और 11 सिम कार्ड बरामद किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि सारठ थाना क्षेत्र में कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी गूगल पर फर्जी फोनपे कस्टमर केयर नंबर और पीएम किसान योजना के नाम पर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी की, जिसमें सात आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता सामने आई है।

गिरफ्तार आरोपितों में मधुपुर थाना क्षेत्र के भेड़वानवाडीह गांव निवासी अर्जुन दास, सोनाराठाड़ी थाना क्षेत्र के जमुआ गांव निवासी सगीर अंसारी व अताउल अंसारी तथा सारठ थाना क्षेत्र के देवान डुमरिया गांव निवासी सराफत अली, अकरामूल अंसारी, लतीफ अंसारी और शमीम मियां शामिल हैं। सभी देवघर जिले के निवासी हैं।
ऐसे देते थे ठगी को अंजाम
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार साइबर अपराधियों की ठगी करने की शैली भी सामने आई है। ये लोग फर्जी गूगल पे, फोनपे और पेटीएम कस्टमर केयर पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का झांसा देते थे। वहीं, पीएम किसान योजना के नाम पर एपीके फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल का एक्सेस प्राप्त कर ठगी करते थे।
तकनीकी जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपितों के पास से जब्त मोबाइल नंबर और आईएमईआई नंबरों के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज पाई गई हैं। छापेमारी दल में साइबर थाना देवघर के पुनि बिशेश्वर कुमार, सारठ थाना प्रभारी पुअनि दीपक कुमार साह एवं सारठ थाना की पुलिस टीम शामिल थी।



