Ranchi: झारखंड हाईकोर्ट ने एम्स (AIIMS) देवघर के बुनियादी ढांचे को लेकर सख्त रुख अख्तियार किया है। एम्स देवघर को पूरी तरह से क्रियाशील बनाने और वहां की बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने को लेकर एक बड़ा और महत्वपूर्ण फैसला हाई कोर्ट ने सुनाया है।

गोड्डा लोकसभा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे की जनहित याचिका और कोर्ट द्वारा लिए गए स्वतः संज्ञान की सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एम. एस. सोनक और जस्टिस मनोज प्रसाद की खंडपीठ ने राज्य व केंद्र सरकार को सात प्रमुख मुद्दों पर स्पष्ट और समयबद्ध निर्देश जारी किए हैं।

अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व फैसलों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि समय पर और बेहतर चिकित्सा सुविधा पाना संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीवन के मौलिक अधिकार का अभिन्न हिस्सा है।
कोर्ट द्वारा दिए गए 7 प्रमुख निर्देश ये हैं:
1. कोर्ट ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि समर्पित 132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन का निर्माण और संचालन जल्द से जल्द और किसी भी स्थिति में 6 महीने के भीतर पूरा किया जाए।
2. कोर्ट ने राज्य सरकार को आदेश दिया है कि नए केंद्रीय विद्यालय के लिए चिन्हित भूमि से अतिक्रमण हटाने की कानूनी प्रक्रिया को तेज करे और 6 महीने के भीतर यह जमीन केंद्र सरकार को सौंपे। जमीन मिलने के बाद केंद्र सरकार 2 साल के भीतर वहां पूर्ण रूप से केंद्रीय विद्यालय की स्थापना सुनिश्चित करे।
3. कोर्ट ने कहा कि केवल कागजी कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। राज्य सरकार इस परियोजना की प्रक्रिया में तेजी लाए और 6 महीने के भीतर कोर्ट में अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करे।
4. कोर्ट ने पत्राचार से आगे बढ़कर ठोस कदम उठाने को कहा। कोर्ट ने आदेश दिया कि अग्नि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए नियमित रूप से फायर ऑडिट कराया जाए और 6 महीने के भीतर सुरक्षा इंतजामों की स्थिति पर रिपोर्ट पेश की जाए।
5. कोर्ट की ओर से राज्य सरकार को निर्देश दिया गया है कि कानून के दायरे में रहकर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखे. साथ ही 6 महीने के भीतर एक विस्तृत हलफनामा दाखिल कर अतिक्रमण की वास्तविक स्थिति और उसे हटाने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दे।
6. कोर्ट ने आदेश दिया है कि अगर रेलवे का प्रोजेक्ट अभी तक पूरा नहीं हुआ है तो राज्य सरकार इसे अगले 3 महीने के भीतर हर हाल में पूरा कर चालू करे और एमिकस क्यूरी (न्याय मित्र) को अग्रिम प्रति देते हुए अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करे।
7. डीजल जनरेटर के लिए हाई-स्पीड डीजल (HSD) स्टोरेज टैंक की एनओसी के लिए अदालत ने राज्य सरकार को इस प्रक्रिया में तेजी लाने और 6 महीने के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी कर अनुपालन रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
हाईकोर्ट ने याचिकाकर्ता सांसद निशिकांत दुबे और राज्य सरकार के सकारात्मक व समाधानकारी रुख की सराहना करते हुए इन जनहित याचिकाओं को निस्तारित कर दिया है। इसके साथ ही आदेशों के पालन की निगरानी के लिए कोर्ट ने राज्य सरकार को 7 मई 2027 तक व्यापक अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है इस रिपोर्ट पर विचार करने के लिए मामला 13 मई 2027 को दुबारा अदालत के समक्ष सूचीबद्ध किया जाएगा।



