Deoghar : साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर सात साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 11 मोबाइल फोन और नौ सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपितों पर गूगल पर फर्जी फोनपे कस्टमर केयर नंबर के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाने के साथ-साथ पीएम किसान योजना और लोन दिलाने के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने का आरोप है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के आदेशानुसार तथा साइबर अपराध के पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के निर्देश पर 22 नवंबर को यह कार्रवाई की गयी।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पथरौल थाना क्षेत्र के सिरसा गांव और पथरड्डा ओपी क्षेत्र के पहाड़पुर मोड़ पर कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी सक्रिय हैं। ये लोग गूगल पर फर्जी फोनपे कस्टमर केयर नंबर डालकर आम लोगों को अपने जाल में फंसा रहे थे। इसके अलावा पीएम किसान योजना और लोन दिलाने का झांसा देकर फर्जी मोबाइल नंबरों के माध्यम से ऑनलाइन ठगी भी कर रहे थे।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर छापेमारी कर सात आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनके पास से बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता सामने आयी है।गिरफ्तार आरोपितों में मिथुन कुमार दास और लालू यादव पथरड्डा ओपी क्षेत्र के करहैया और टंगीडीह गांव के निवासी हैं।
वहीं मुन्ना दास और निरंजन कुमार दास पथरौल थाना क्षेत्र के कुशाहा गांव के रहने वाले हैं। इसके अलावा विकास यादव सारवां थाना क्षेत्र के जारा गांव, विशाल महरा पथरौल थाना क्षेत्र के पिपरा और कमल किशोर दास पथरौल थाना क्षेत्र के सिरसा गांव का निवासी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में मिथुन कुमार दास, निरंजन दास और मुन्ना कुमार दास का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। इनके विरुद्ध क्रमशः साइबर थाना कांड संख्या 115/2025, 80/2021 और 15/2025 दर्ज है।
ऐसे देते थे ठगी को अंजाम
पुलिस के अनुसार आरोपित फर्जी गूगल पे, फोनपे, पेटीएम कस्टमर केयर और आईआरसीटीसी पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का झांसा देते थे। इसके बाद फोनपे गिफ्ट कार्ड बनवाकर उसे रिडीम कर ठगी करते थे।
वहीं फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को झांसे में लेते थे। एयरटेल थैंक्स एप के माध्यम से उनका एयरटेल पेमेंट बैंक कार्ड बंद कर देते थे और फिर सहायता के नाम पर कार्ड दोबारा चालू कराने का झांसा देकर ठगी करते थे।
इस कार्रवाई में पथरौल थाना प्रभारी पुअनि दिलीप कुमार बिलुंग के नेतृत्व में पथरौल थाना की पुलिस टीम तथा पथरड्डा ओपी प्रभारी पुअनि मोतीराम देवगम के नेतृत्व में ओपी की पुलिस टीम शामिल थी।



