
Deoghar : देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में ITI कॉलेज के तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना निवासी मनीष कुमार, जसीडीह थाना क्षेत्र के बड़ा धमाना निवासी करण कुमार तथा वीरेंद्र कुमार शामिल हैं।

तीनों जसीडीह थाना क्षेत्र स्थित आईटीआई कॉलेज के छात्र बताए गए हैं। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि तीनों छात्र एक ही बाइक पर सवार होकर कॉलेज से नाश्ता करने के लिए जसीडीह की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बासुआडीह स्थित होमगार्ड कार्यालय के समीप एक अनियंत्रित बोलेरो वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही तीनों छात्र सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान घायल वीरेंद्र कुमार की स्थिति गंभीर पाई, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं मनीष कुमार और करण कुमार का इलाज देवघर सदर अस्पताल में चल रहा है।
बताया जाता है कि दुर्घटना के बाद बोलेरो वाहन पंचर हो गया। इसका फायदा उठाते हुए चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना जसीडीह थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने के साथ ही फरार चालक की तलाश में जुट गई है। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के लिए तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्ण वाहन संचालन को जिम्मेदार बताया है।


