Deoghar News : देवघर रिखिया थाना क्षेत्र के आमगाछी गांव में जादू-टोना करने का आरोप लगाकर एक परिवार के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना में महिला समेत चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज देवघर सदर अस्पताल में कराया गया।

इस संबंध में पीड़िता ने रिखिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर आठ लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। मामले के अनुसार घटना 7 नवंबर की रात करीब सात बजे की है। आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति ने पीड़िता की सास को जादू-टोना करने वाली कहकर गाली-गलौज शुरू कर दी और उनके घर पर पत्थरबाजी करने लगा।

आवाज सुनकर जब परिवार के लोग घर से बाहर निकले, तो आरोपितों ने एकजुट होकर हरवे-हथियार के साथ उन पर हमला कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि हमले के दौरान एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से उसके सिर पर वार कर जख्मी कर दिया। वहीं, उसकी गोतनी कविता देवी के सिर पर भी धारदार हथियार से हमला किया गया। उसके पति रोहित तांती के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया गया।
इसके अलावा उनके बाएं हाथ और पैर पर डंडे से प्रहार किया गया, जिससे दोनों अंगों में काफी सूजन आ गई। आरोप है कि उसकी सास सीता देवी को उठाकर पटक दिया गया। हमलावरों ने घर में घुसकर लात-घूंसे और डंडे से भी परिवार के सदस्यों की पिटाई की। मामले में मारपीट का कारण जादू-टोना करने का आरोप बताया गया है।
पीड़िता के अनुसार, आरोपितों के घर में जब भी कोई बीमार पड़ता है, तो वे उसकी सास सीता देवी पर जादू-टोना करने का आरोप लगाकर विवाद और मारपीट करते हैं। आरोपितों का कहना है कि सीता देवी के कारण ही उनके परिवार पर मुसीबत आती है।
इसी बात को लेकर सीता देवी और उनके परिवार को मारकर बर्बाद करने की धमकी भी दी जाती है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान घर के सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया गया तथा एक मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया।
घटना में परिवार के सदस्य खून से लथपथ हो गए, जिसके बाद सभी घायलों का देवघर सदर अस्पताल में इलाज कराया गया। पीड़िता ने पुलिस से मामले की सही तरीके से जांच कर आरोपितों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।



