Deoghar/Dumka : 1.68 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में सेंट्रल दिल्ली साइबर थाना, कमला मार्केट की पुलिस ने देवघर और दुमका जिले में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पहले दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत घघरी गांव में छापेमारी कर किशोर मंडल को गिरफ्तार किया।

इसके बाद उसकी निशानदेही पर देवघर नगर थाना के सहयोग से बैजनाथपुर इलाके में छापेमारी कर मुकेश कुमार मंडल को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को अपने साथ ले जाने के लिए दिल्ली पुलिस ने देवघर और दुमका कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड भी प्राप्त कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, सेंट्रल दिल्ली साइबर थाना की छापेमारी टीम एसआइ अंकुर के नेतृत्व में देवघर और दुमका जिले पहुंची थी। नगर थाना की पुलिस के सहयोग से बैजनाथपुर में की गई छापेमारी के दौरान मुकेश कुमार मंडल को पकड़ा गया।
वह मधुपुर थाना क्षेत्र के हरिपुर कोलवा गांव का रहनेवाला है। वर्तमान में वह कुंडा थाना क्षेत्र के गौरीपुर गांव स्थित अपने ससुराल में रहता है और बैजनाथपुर में दुकान चलाता है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी के मामले की जांच के दौरान किशोर मंडल और मुकेश कुमार मंडल के खिलाफ साक्ष्य मिले थे। इसी आधार पर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस की टीम ने दुमका और देवघर में छापेमारी की



